एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड यह बताते हुए गौरवान्वित है कि सी.ए. विजय कुमार चौधरी, कार्यपालक निदेशक (वित्त), एनबीसीसी को वर्ल्ड ऑफ फाइनेंस एंड अकाउंटिंग (डब्ल्यू.ओ.एफ.ए.) 2026 के दौरान आयोजित 19वें आई.सी.आई.ए. अवार्ड्स में प्रतिष्ठित ” सी.ए. सी.एक्स.ओ.– फॉर लार्ज कॉर्पोरेट – सर्विसेज” अवार्ड से सम्मानित किया गया।
वित्तीय अभिशासन और कॉर्पोरेट प्रबंधन में उत्कृष्टता, सत्यनिष्ठा और नेतृत्व का प्रदर्शन करने वाले प्रतिष्ठित प्रोफेशनल्स को सम्मानित करने के क्रम में संसद के अधिनियम द्वारा स्थापित एक सांविधिक निकाय, इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आई.सी.ए.आई.) द्वारा यह अवार्ड प्रदान किया गया।यह सम्मान सी.ए. विजय कुमार चौधरी की अनुकरणीय व्यावसायिक उपलब्धियों और उनके कार्यनीतिक वित्तीय नेतृत्व को मान्यता देता है, जिसने एनबीसीसी के वित्तीय प्रबंधन ढांचे और अभिशासन मानकों को काफी सुदृढ़ किया है।
उल्लेखनीय है कि आई.सी.ए.आई. ने व्यवसाय में उनके उत्कृष्ट योगदान को दूसरी बार मान्यता दी है। अवसंरचना और निर्माण क्षेत्र में उनके असाधारण प्रदर्शन और प्रभाव को मान्यता देते हुए वर्ष 2019 में उन्हें 12वें आई.सी.ए.आई. लीडर्स एंड बिजनेस एक्सीलेंस अवार्ड्स में “सी.ए. अचीवर – इंफ्रास्ट्रक्चर एंड कंस्ट्रक्शन सेक्टर” अवार्ड से सम्मानित किया गया था।
ये पुरस्कार मजबूत वित्तीय कार्यप्रणाली, पारदर्शी अभिशासन कार्यपद्धतियों और संधारणीय संस्थागत उत्कृष्टता के लिए एनबीसीसी की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। अपने वरिष्ठ प्रबंधन के नेतृत्व में, एनबीसीसी हितधारकों हेतु मूल्य सृजित करते हुए उत्तरदायित्व और वित्तीय प्रबंधन के उच्चतम मानकों को बनाए रखता है।