मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने संसद भवन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से की शिष्टाचार भेंट और केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री को नवरात्र पर्व की शुभकामना एवं बधाई देकर राजस्थान के शिल्पकार द्वारा चंदन की लकड़ी से निर्मित मां दुर्गा की मूर्ति भेंट की।मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने इस मुलाकात में प्रधानमंत्री श्री मोदी से विकसित राजस्थान के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं और नीतियों के सफल क्रियान्वयन से आमजन लाभांवित हो रहे हैं। वहीं, राजस्थान विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां को छू रहा है।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के चहुंमुखी विकास और केंद्र एवं राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।

श्री शर्मा ने केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल से मुलाकात कर प्रदेश में ऊर्जा और शहरी नियोजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की। इस दौरान विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों के क्रम में हरित ऊर्जा के विस्तार और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ ही प्रदेश को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

श्री शर्मा ने केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट कर जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन के निर्माण, भरतपुर-डीग व सीकर-झुंझुनूं में नए हवाई अड्डों की संभावनाओं के अध्ययन तथा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन शहरों में उड़ानों की निरंतरता बनाए रखने पर चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मानपुर (आबू राज) एवं बांसवाड़ा में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने तथा राज्य में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में व्यापक विस्तार के संबंध में अनुरोध भी किया।