एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने एस्पायर लेज़र वैली (2 टावर – 306 फ्लैट), ग्रेटर नोएडा (पश्चिम), उत्तर प्रदेश तथा एस्पायर सिलिकॉन सिटी (1 टावर – 111 फ्लैट), चरण-IV, सेक्टर-76, नोएडा, उत्तर प्रदेश में कुल 417 आवासीय इकाइयों की ई-नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न की है। ई-नीलामी के माध्यम से लगभग ₹1,045.40 करोड़ का कुल बिक्री मूल्य प्राप्त हुआ, जो मजबूत बाज़ार प्रतिक्रिया तथा आरक्षित मूल्य से अधिक प्राप्त बोलियों को दर्शाता है। उच्च महत्व की इस नीलामी को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिसमें आरक्षित मूल्य से कहीं अधिक बोलियाँ प्राप्त हुईं। यह धनराशि बैंक ऋणों के पुनर्भुगतान तथा जारी परियोजनाओं की वित्तीय आवश्यकता को कम करने के लिए उपयोग की जाएगी।माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा अनुवीक्षित यह परियोजना अत्याधुनिक सुविधाओं और कार्यनीतिक स्थान से युक्त है, जो इसे एक लोकप्रिय निवेश अवसर बनाती है। यह बिक्री अटकी हुई आम्रपाली परियोजनाओं को पूर्ण करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी और घर के कई खरीदारों का अपना घर खरीदने का सपना पूर्ण करेगी।
अब तक, ई-नीलामी के माध्यम से आम्रपाली (एस्पायर गोल्फ होम्स, एस्पायर सेंचुरियन पार्क, एस्पायर ड्रीम वैली, एस्पायर लेज़र पार्क, एस्पायर सिलिकॉन सिटी और एस्पायर लेज़र वैली) की नई एफएआर परियोजनाओं में कुल 5,671 इकाइयों की बिक्री हुई है, जिनका कुल बिक्री योग्य क्षेत्रफल 153.72 लाख वर्गफुट है तथा कुल उच्चतम बोली मूल्य 11,719.27 करोड़ रुपये रहा है।
इस सफल कार्यसंपादन के साथ, एनबीसीसी ने भारत में एक अग्रणी रियल एस्टेट डेवलपर के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। साथ ही, यह भारत के इस क्षेत्र में एकमात्र सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम (पीएसयू) होने का गौरव भी रखता है और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धी संपत्ति बिक्री के लिए एक नया मानक स्थापित किया है। यह माना जा रहा है कि इस ई-नीलामी की सफलता इस क्षेत्र में निवेशकों का भरोसा और मजबूत करेगा तथा संकटग्रस्त परिसंपत्ति परियोजनाओं के निष्पादन में एनबीसीसी को एक अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित करेगा। साथ ही, इससे नोएडा/ग्रेटर नोएडा (पश्चिम), उत्तर प्रदेश के प्रभावित हजारों घर खरीदारों को राहत मिलेगी।