राष्ट्र प्रेम को जगाने व बढ़ाने वाली चीजों को समारोह में समावेश: प्रो. योगेश सिंह

दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा फरवरी में आयोजित होने वाले दिल्ली विश्वविद्यालय साहित्य महोत्सव को लेकर कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। महोत्सव को लेकर गठित सभी उप कमेटियों के सदस्यों ने इस बैठक में हिस्सा लिया। इस अवसर पर कुलपति ने संबोधित करते हुए कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन में राष्ट्र प्रेम को जगाने व बढ़ाने वाली सभी चीजों का समावेश होना चाहिए। कुलपति ने कहा कि बहुत जगह ऐसे आयोजन होते हैं, लेकिन डीयू का यह आयोजन अपने आप में अलग होना चाहिए।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने डीयू साहित्य महोत्सव का लोगो भी जारी किया। आयोजन को लेकर अपने सुझाव देते हुए कुलपति ने कहा कि इस सारे आयोजन में डीन ऑफ कॉलेजेज़ प्रो. बलराम पाणी का समग्र मार्गदर्शन रहेगा। गौरतलब है कि 12 से 14 फरवरी 2025 तक दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा एक विशाल साहित्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) व अन्य साहित्यिक संस्थाओं के सहयोग से किया जाएगा। साहित्य महोत्सव के लिए गठित कोर कमेटी के अलावा कई उप कमेटियों का गठन किया गया है। आज की बैठक में साहित्य महोत्सव की कोर कमेटी के कन्वीनर और उपाध्यक्ष (डीयू कल्चर काउंसिल के चेयर पर्सन) अनूप लाठर ने बताया कि सभी कमेटियों ने अलग अलग बैठकें की हैं। सभी ने रूपरेखा के अनुरूप काम करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देश भर के नामी लेखक, मीडिया जगत के लोग और जाने-माने सोशल मीडिया इन्फ़्ल्युएंसर भागीदारी करेंगे। इस दौरान पुस्तक विमोचन और पुस्तक चर्चाओं का भी आयोजन किया जाएगा। अनूप लाठर ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह को लेकर काफी लोगों को निमंत्रण भेजे जा चुके हैं और कई से स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। इस अवसर पर साहित्य महोत्सव की कमेटी के सह-संयोजक (डीयू कल्चर काउंसिल के डीन) प्रो. रविंदर कुमार ने सभी कमेटियों द्वारा उनके कार्यों की रूप रेखा प्रस्तुत की। विभिन्न कमेटियों के कन्वीनरों ने अपने अपने कामों की रूपरेखा का ब्योरा पेश किया और अपने सुझाव भी दिये। इस अवसर पर डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह, डीन ऑफ कॉलेजेज़ प्रो. बलराम पाणी, साहित्य महोत्सव कमेटी की चेयर पर्सन प्रो. रजनी अब्बी (निदेशक डीयू दक्षिणी परिसर), साहित्य महोत्सव की कोर कमेटी के कन्वीनर और उपाध्यक्ष (डीयू कल्चर काउंसिल के चेयर पर्सन) अनूप लाठर, एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो, डीयू कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता, डीयू के वित्त अधिकारी गिरीश रंजन और कमेटी के सह-संयोजक (डीयू कल्चर काउंसिल के डीन) प्रो. रविंदर कुमार आदि सहित सभी कमेटियों के अनेकों सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *