एनएचपीसी लिमिटेड राजभाषा पुरस्कारों से सम्मानित

एनएचपीसी लिमिटेड के सलाल पावर स्टेशन को ‘ग’ क्षेत्र में स्थित उपक्रमों के बीच उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन के लिए गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के कर कमलों से श्री उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), एनएचपीसी तथा श्री अनीश गौराहा, कार्यपालक निदेशक, सलाल पावर स्टेशन ने ग्रहण किया।

इसके साथ ही एनएचपीसी लिमिटेड, निगम मुख्यालय फरीदाबाद की अध्यक्षता में संचालित नराकास (का.) फरीदाबाद को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार स्वरूप शील्ड श्री उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक) ने तथा प्रमाण पत्र श्री नवीन कुमार जैन, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) एवं विभागाध्यक्ष राजभाषा, एनएचपीसी लिमिटेड ने श्री बांडी संजय कुमार माननीय केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री के कर कमलों से ग्रहण किया।

इसके अतिरिक्त, सलाल पावर स्टेशन, ज्योतिपुरम की अध्यक्षता में संचालित नराकास, रियासी को भी द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार श्री संजीव कुमार, उप महाप्रबंधक (मा. सं.) तथा श्री कुलदीप कुमार शर्मा, उप प्रबंधक (राजभाषा) ने माननीय गृह राज्य मंत्री के कर कमलो से प्राप्त किया।

राजभाषा कार्यान्वयन क्षेत्र में दिए जाने वाले ये पुरस्कार 20 फरवरी 2026 को अगरतला, त्रिपुरा में आयोजित पूर्व, पूर्वोत्तर एवं उत्तरी क्षेत्रों के संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन के अवसर पर प्रदान किए गए।

इस अवसर पर त्रिपुरा के माननीय मुख्यमंत्री प्रो.(डॉ.) मणिक साहा, माननीय केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री बंडी संजय कुमार, माननीय सांसद त्रिपुरा (पश्चिम) लोक सभा, श्री बिपलब कुमार देब, माननीय सांसद त्रिपुरा (पूर्व) लोक सभा, श्रीमती कृति देवी देबबर्मन, माननीय राज्य सभा सांसद श्री राजीब भट्टाचार्जी और सचिव, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय श्रीमती अंशुली आर्या उपस्थित रहे।

एनएचपीसी ने जलविद्युत उत्पादन और विकास के साथ-साथ राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में भी गुणात्मक प्रगति की है। राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में एनएचपीसी की उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए इसे अन्य अनेक राष्ट्रीय स्तर के राजभाषा पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया है।