करप्शन, कास्ट व क्राइम पर सरकार ने डाली नकेल – मुख्यमंत्री मनोहर लाल

नई दिल्ली

– शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वावलंबन व स्वाभिमान को किया प्रोत्साहित
– सरकार की विभिन्न योजनाएं बनी रोल मॉडल
– प्रधानमंत्री मोदी ने भी किया हरियाणा की योजनाओं को अपनाने का आह्वान
– सरकार ने 8 साल में किए 8 कमाल
– चिन्हित परिवारों की आय बढ़ाने का काम लगातार जारी
– सरकार की योजनाओं व कार्यों को जनता का मिला अपार सहयोग
– समुचित व्यवस्था के माध्यम से किया जा रहा है चहुंमुखी विकास
– अंत्योदय के सिद्घांत को लेकर आगे बढ़ रही है भाजपा सरकार
– मोदी की प्रेरणा से हुआ आईटी इस्तेमाल का शौक
– डीबीटी के माध्यम से 53 हजार करोड़ रूपये लाभार्थियों के खाते में किए ट्रांसफर

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि प्रदेश की जनसंख्या को अलग-अलग 5 आयु वर्ग में विभाजित करके योजनाबद्ध तरीके से सामाजिक उत्थान व विकास का कार्य मौजूदा राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल के 3 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में हरियाणा भवन दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि जीरो से 5 वर्ष, 5 से 18 वर्ष, 18 से 25 वर्ष, 25 से 60 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के कल्याण की जिम्मेदारी अलग-अलग विभागों को सौंपी गई है। मकसद यही है कि एक समुचित व्यवस्था के माध्यम से सामाजिक सुधार व विकास का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार अंत्योदय के सिद्धांत को लेकर आगे बढ़ रही है ताकि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को उसके अधिकार मिल सकें।
राज्य सरकार के 8 साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पिछले 8 वर्षों में सरकार ने अनेक कार्य किए हैं। सरकार की योजनाओं व कार्यों को जनता का अपार सहयोग मिला है और उन्हें पूरी अपेक्षा है कि भविष्य में भी जनता का उन्हें इसी प्रकार से सहयोग मिलता रहेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास का जो खाका उन्हें सौंपा था, उस पर लगातार सरकार ने कार्य करके विभिन्न योजनाओं को जनहित में क्रियान्वित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जहां बुराइयों पर प्रहार किया, वहीं अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाने का भी काम किया है। थ्री सी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि करप्शन, कास्ट व क्राइम पर नकेल डाली गई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 5 एस यानी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वावलंबन व स्वाभिमान को प्रोत्साहित किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों के माध्यम से चिन्हित परिवारों की आय बढ़ाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। पिछले 6 महीनों में 30 हजार लोगों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध करवाए गए हैं। राज्य सरकार के 8 प्रमुख कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने इन्हें 8 साल में 8 कमाल का नाम दिया। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल चालू किया गया है। इस पोर्टल में किसान की फसल का पूरा विवरण उपलब्ध रहता है। इसी के आधार पर किसानों को सरकार के विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलता है और कहा कि यह ऑनलाइन सिस्टम है। सरकार ने व्यवस्था में आईटी का भरपूर उपयोग किया है। उन्होंने स्वयं को आईटी फ्रेंडली बताया और कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से उन्हें आईटी के क्षेत्र में कार्य करने की प्रेरणा मिली थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 42 विभागों की 547 सेवाएं अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई हैं। पहले लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे लेकिन अब गांव स्तर पर सीएससी के माध्यम से उन्हें सभी सेवाएं उनके घर द्वार पर ही उपलब्ध हो जाती है। सीएम विंडो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 8 सालों में सीएम विंडो पर लगभग 12 लाख शिकायतें आई है और 90 प्रतिशत शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। राज्य सरकार की ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार की यह नीति दूसरे राज्यों के लिए रोल मॉडल बन चुकी है। दूसरे प्रदेशों के अधिकारी योजनाओं का अध्ययन करने के लिए हरियाणा आ चुके हैं। राज्य सरकार की स्वामित्व योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की इस योजना को पूरे देश में लागू करने का आह्वान किया है।
बिजली आपूर्ति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के 5681 गांवों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। मार्च 2023 तक राज्य के सभी गांवों में 24 घंटे बिजली देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में लिंग व जाति के आधार पर उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। ऐसा होने से जहां ग्रामीण विकास के कार्यों में पारदर्शिता आएगी, वहीं भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति भी दूसरे राज्यों के लिए रोल मॉडल बन चुकी है। मेडल विजेता खिलाडिय़ों के लिए 550 पद आरक्षित किए गए हैं। इसी प्रकार से ग्रुप डी की पोस्ट के लिए 10 प्रतिशत व ग्रुप सी के लिए 3 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को भी समाज का भरपूर समर्थन मिला है। लिंगानुपात को बढ़ाकर 923 तक ले जाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि गर्भ में कन्या भ्रूण हत्या करने वाले लोगों को दंडित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का पैसा सीधा डीबीटी यानी लाभार्थियों के खाते में जाता है। परिणाम स्वरूप कमीशन खाने वाले लोग बाहर हो गए हैं। इसके साथ ही उन लोगों को भी चिन्हित किया गया है जो गलत हथकंडे अपनाकर योजनाओं का लाभ उठाते थे। उन्होंने कहा कि डीबीटी की वजह से 1300 करोड़ रुपए की बचत हुई है और पिछले 8 सालों में विभिन्न योजनाओं का 53 हजार करोड़ रूपया सीधा लाभार्थियों के खातों में डाला गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 23 लाख पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य करवा रही है। उन्होंने कहा कि मेरिट के आधार पर नौकरियां प्रदान करना भी एक मिसाल बन चुकी है।

डॉ. मंगलसेन के संघर्ष को सीएम ने किया याद

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिवंगत डॉ मंगलसेन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. मंगलसेन ने जनसंघ से लेकर भाजपा के निर्माण तक कठोर संघर्ष किया। वे वर्ष 1957 में पहली बार विधायक बने। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राजीव-लोंगोवाल समझौते के खिलाफ डॉ. मंगलसेन ने वर्ष 1985 में पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौ. देवीलाल के साथ मिलकर जल युद्ध किया। वर्ष 1990 में डॉ. मंगल सेन का देहांत हुआ। उन्होंने अपने जीवन के अंतिम वर्ष में संकल्प किया था कि हरियाणा में भाजपा को भविष्य में संपूर्ण राजनीति करनी है। डॉ. मंगल सेन का वर्ष 2014 में सपना साकार हुआ और प्रदेश में अपने बलबूते पर भाजपा की सरकार बनी।

एक बुकलेट में संभव नहीं हरियाणा की उपलब्धियां – डॉॅ. अमित अग्रवाल

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने इस मौके पर सूचना,  जनसम्पर्क   एवं भाषा विभाग द्वारा तैयार की गई आठ साल राख्या ख्याल नामक बुकलेट का विमोचन किया। सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के महानिदेशक एवं मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत करते हुए हरियाणा सरकार के सफलतापूर्वक आठ वर्ष पूर्ण होने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन आठ वर्षों में हरियाणा सरकार ने अनेकों  उपलब्धियां    हासिल की है, जिनकी जानकारी एक बुकलेट में समेटना संभव नहीं है। यदि सभी  उपलब्धियां  की चर्चा करते तो कई बुकलेट छपवानी पड़ती। ऐसे में कुछ प्रमुख उपलद्ब्रिधयों की जानकारी बुकलेट के माध्यम से साझा की गई है।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के अतिरिञ्चत प्रधान सचिव और सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री अमित आर्य, श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री राजनेहरू, मुख्यमंत्री के मीडिया कॉर्डिनेटर राजकुमार कपूर भी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!