दिल्लीवाले दिल्ली की चौमुखी विकास के लिए पुनः भाजपा को नगर निगम में सेवा का अवसर देंगे-राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह का विजय संकल्प रोड शो रामा पार्क उत्तम नगर से प्रारंभ हुआ और उन्होंने उत्तम नगर और विकासपुरी निगम वार्डों में प्रचार किया। सांसद श्री प्रवेश साहिब सिंह, जिला अध्यक्ष श्री रमेश सौखंदा और निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। रोड शो में दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का उत्साह देखते बनता था और अनेक स्थानों पर गांव प्रमुखों एवं कॉलोनियों के वरिष्ठ नागरिकों ने श्री राजनाथ सिंह को पगड़ी पहनाकर एवं फूल वर्षाकर भव्य स्वागत किया। श्री राजनाथ सिंह ने विश्वास प्रकट किया कि दिल्ली की जनता देश के चौमुखी विकास को दिल्ली में भी लाने के लिए एक बार फिर से भाजपा को नगर निगम चुनाव में सेवा का अवसर देगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता का विजय संकल्प रोड शो फतेहपुरी से प्रारंभ होकर पहाड़ी धीरज तक संपन्न हुआ। प्रदेश चुनाव समिति प्रमुख श्री आशीष सूद, जिला अध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह और निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। भाजपा के इस मेगा रोड शो में श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल सरकार के अकंठ भ्रष्टाचार से तंग आ चुके हैं और उन्होंने स्वयं देखा है कि कैसे केजरीवाल सरकार द्वारा उत्पन्न विषम आर्थिक संकटों के बावजूद भाजपा ने नगर निगम के माध्यम से प्राइमरी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सफाई की सेवाएं प्रदान की हैं। दिल्ली की जनता का भाजपा पर पूर्ण विश्वास है और एक बार पुनः जनता नगर निगम में भाजपा को ही चुनेंगी।

केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का विजय संकल्प रोड शो महरौली विधानसभा के विभिन्न वार्डों में निकला। जिला अध्यक्ष श्री नरेश वशिष्ठ और निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। इस मौके पर श्री शेखावत ने कहा कि मैं देश का जलमंत्री हूं और जब दिल्ली में यमुना की स्थिति को देखता हूं तो मेरा दिल बहुत दुखता है। उन्होंने कहा कि यमुना जब हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश करती है तो निर्मल होती है पर केजरीवाल सरकार के द्वारा नालों को सीधा नदी में गिरने पर रोकथाम ना लगाने के कारण यमुना प्रदूषित के साथ-साथ जहरिली हो गई है। केंद्र सरकार ने यमुना सफाई के लिए केजरीवाल सरकार को फंड दिया लेकिन फिर भी सफाई का काम नहीं हुआ है। दिल्लीवाले यमुना की सफाई हो या फिर प्रदूषण हो, सभी से त्रस्त हैं और अब वे आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी को नाकार देंगे।

केंद्रीय मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी का विजय संकल्प रोड शो मंगोलपुरी विधानसभा के निगम वार्डों में हुआ। जयपुर गोल्डन हॉस्पिटल से शुरु होकर अवन्तिका चौक मार्किट में संपन्न हुआ। जिला अध्यक्ष श्री बजरंग शुक्ला, निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। इस मौके पर श्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम ने दिल्ली के व्यापारियों एवं अनाधिकृत कॉलोनियों के वासियों की समस्याओं के समाधान के लिए बहुत कार्य किया है, वहीं केंद्र सरकार ने दिल्ली को अनेक विकास प्रोजेक्ट दिए और अब जहां झुग्गी वहां मकान की योजना के अंतर्गत कालका जी में फ्लैट बनाकर दिल्ली के गरीबों का विश्वास जीता है। आगामी चार दिसंबर को दिल्लीवाले पुनः भाजपा को चुनेंगे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर का विजय संकल्प रोड शो नरेला विधानसभा के रामदेव चौक से शुरु होकर लामपुर चौक पर सम्पन्न हुआ। सांसद श्री हंसराज हंस, प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल, जिला अध्यक्ष श्री विनोद सहरावत, निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता भव्य रोड शो में सम्मलित हुए।

error: Content is protected !!