हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के मुख्यमंत्री हिमन्ता बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता सहित 14 वरिष्ठ नेताओं ने विजय संकल्प रोड शो निकालें

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर का विजय संकल्प रोड शो नरेला विधानसभा के रामदेव चौक से शुरु होकर लामपुर चौक पर सम्पन्न हुआ। सांसद श्री हंसराज हंस, प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल, जिला अध्यक्ष श्री विनोद सहरावत, निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता भव्य रोड शो में सम्मलित हुए।

श्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल हर मामले में राजनीति करते हैं पर उन्हें राज-काज करना नहीं आता है। उनकी पार्टी पंजाब में भी सरकार में है लेकिन वहां से वे एस.ओ.एल. से हरियाणा के लिए पूरा पानी नहीं छोड़ते हैं नतीजा अनेक बार हरियाणा को दिल्ली के लिए पानी देने में समस्या आती है। केजरीवाल की पंजाब की सरकार की कुनीतियों का परिणाम दिल्लीवाले भुगत रहे हैं, चाहे वह पानी के मामले में हो या फिर पराली जलने से रोकने के मामले में हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नरेला एवं आसपास के लोगों का हरियाणा के लोगों से सीधा रिश्ता है और केजरीवाल सरकार ने मेट्रो के चौथे फेस का विस्तार रोककर नरेला से कोंडली तक के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

असम के मुख्यमंत्री श्री हिमन्ता बिस्वा सरमा का विजय संकल्प रोड शो पांचवें पुस्ता घोंडा विधानसभा से प्रारंभ होकर भजनपुरा चौक तक संपन्न हुआ। भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री दिनेश प्रताप सिंह, विधायक श्री अजय महावर, जिला अध्यक्ष श्री मोहन गोयल, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष श्री कौशल मिश्रा, निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। इस मौके पर श्री सरमा ने घोंडा विधानसभा की जनता को भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील करते हुए कहा कि दिल्लीवाले अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे हिंदू विरोधी और भ्रष्ट नेताओं से बचे क्योंकि यह विकास नहीं समाज में विखराव के प्रतीक हैं।

हिमाचल के मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर का विजय संकल्प रोड शो शालीमार बाग विधानसभा में हैदरपुर मार्किट से शुरु होकर शालीमार बाग तक संपन्न हुआ। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन, जिला अध्यक्ष श्री राजकुमार भाटिया सहित निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता भव्य रोड शो में सम्मलित हुए।

इस मौके पर श्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी हाल ही में हिमाचल में संपन्न हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ा है लेकिन लोगों की प्रतिक्रियाएं बता रही हैं कि आम आदमी पार्टी का हिमाचल में खाता भी नहीं खुलेगा। उन्होंने दिल्लीवालों से अपील की कि वे दिल्ली के चौमुखी विकास के लिए पुनः नगर निगम में भाजपा को चुने।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का विजय संकल्प रोड शो पटपड़गंज विधानसभा के श्रीराम चौक देवली, विनोद नगर होते हुए मंडावली में खत्म हुई। सांसद श्री गौतम गंभीर, जिला अध्यक्ष श्री विनोद बछेती, निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए।

इस मौके पर श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिल्ली में लाखों उत्तराखंडवासी बसे हैं जो अपने गृहराज्य से भी जुड़े हैं और उन्होंने देखा है कि किस तरह से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में विकास हुआ है और उसी विकास की गति को दिल्ली में लाने के लिए उत्तराखंडवासी इस चुनाव में भाजपा को ही चुनेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी का विजय संकल्प रोड शो करोल बाग विधानसभा के शादीपुर चौक से बलराज खन्ना मार्ग होते हुए पटे नगर में संपन्न हुआ। जिला अध्यक्ष राजेश गोयल, निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। इस मौके पर श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को दिल्ली को लंदन और पेरिस बनाने के अनेक हसीन सपने दिखाएं पर उनमें से एक भी वायदों को पूरा नहीं किया और दिल्ली को प्रदूषण की राजधानी बना दिया। दिल्लीवाले ऐसे अरविंद केजरीवाल पर कभी विश्वास नहीं करेंगे और निगम चुनाव में भाजपा को ही चुनेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितेन्द्र सिंह का विजय संकल्प रोड शो ग्रेटर कैलाश विधानसभा के भगत सिंह कॉलेज से शुरु होकर चिराग दिल्ली में संपन्न हुआ। जिला अध्यक्ष श्री प्रशांत शर्मा, निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। इस मौके पर श्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि दिल्ली में विभिन्न राज्यों से आकर लोग बसे हैं और वे जानते हैं कि उनके राज्यों में भाजपा की सरकारों ने किस तरह विकास किया है जबकि देश की राजधानी में उन्हें केजरीवाल सरकार के कारण समस्याओं से जुझना पड़ रहा है और वे इस निगम चुनाव में भाजपा को ही चुनकर सेवा का मौका देंगे।

भाजपा सांसद श्री दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ का विजय संकल्प रोड शो राजौरी गार्डन विधानसभा के विभिन्न वार्डों में हुआ जिसमें मुख्य रुप से जिला अध्यक्ष श्री सचिन भसिन सहित निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। श्री दिनेश लाल यादव ने कहा कि दिल्ली में पूर्वांचल के लाखों लोग रहते हैं और उनमें से अधिकांश ने स्वयं देखा है कि किस तरह दिल्ली के केजरीवाल सरकार ने कोविड के दौरान बेसहारा छोड़ दिया था, उन्हें गांव भागने को मजबूर किया था। उस समय चाहे दिल्ली में हो या पूर्वांचल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर मजदूरों का साथ दिया था और अब दिल्ली में बसे पूर्वांचलवासी निगम चुनाव में भाजपा को अपना पूरा समर्थन देंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा का विजय संकल्प रोड शो लक्ष्मी नगर विधानसभा के विभिन्न वार्डों में हुआ जिसमें प्रदेश महामंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, भाजपा विधायक श्री ओ पी शर्मा, श्री अभय वर्मा एवं श्री अनिल वाजपेयी, जिला अध्यक्ष श्रीमती लता गुप्ता, निगम चुनाव प्रत्याशी एवं पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता रोड शो में सम्मलित हुए। डॉ. पात्रा ने कहा कि दिल्ली का नगर निगम चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं, दिल्ली देश की राजधानी है जहां एक ओर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने अनेकों विकास प्रोजेक्ट दिए हैं तो वहीं दूसरी ओर केजरीवाल सरकार ने उन भ्रष्टाचार उगाया है। अतः दिल्ली की जनता को तय करना है कि वह विकास को चुनेगी या फिर भ्रष्टाचारी सरकार को।

विजय संकल्प रोड शो कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि आज के रोड शो में सभी क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के प्रति लोगों में विशेष आकर्षण दिखा, हर जगह लोगों ने रोड शो का मोदी-मोदी के नारों का स्वागत किया और साफ दिख रहा है कि दिल्ली के लोग चार दिसम्बर को पुनः भाजपा को चुनेंगे। उन्होंने कहा है कि पार्टी के प्रचार में लगातार वरिष्ठ नेताओं के रोड शो चुनाव अभियान का प्रमुख भाग होंगे।

आज के विजय संकल्प रोड शो में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अशोक गोयल देवराहा, श्री राजीव बब्बर, श्री वीरेन्द्र सचदेवा, श्री राजन तिवारी, श्री सुनील यादव, श्री कर्म सिंह करमा, श्रीमती बरखा सिंह, पूर्व महापौर श्री रविन्द्र गुप्ता, प्रदेश मंत्री श्री इम्प्रीत सिंह बख्शी, श्री गौरव खारी, श्रीमती लता सोढ़ी, श्रीमती नीलम धीमान, श्री नीरज तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता श्री हरीश खुराना, श्री प्रवीण शंकर कपूर, श्री अजय सहरावत, श्री यासिर जिलानी, श्री वीरेन्द्र बब्बर, श्री तजिंदर पाल सिंह बग्गा, श्री विनीत गोयनका, सुश्री निघत अब्बास, श्रीमती नेहा शालिनी दुआ, श्रीमती सारिका जैन, श्री शुभेन्द्रू शेखर अवस्थी, श्री खेमचंद शर्मा, श्रीमती अनूजा कपूर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

error: Content is protected !!