भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा ने श्री वीरेन्द्र सचदेवा को दिल्ली प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया

नई दिल्ली

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित एक कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल, श्री हर्ष मल्होत्रा एवं श्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजीव बब्बर, श्री अशोक गोयल देवराहा, श्री सुनील यादव, श्री राजन तिवारी, श्री कर्म सिंह कर्मा, प्रदेश मंत्री श्रीमती लता सोढ़ी एवं सरदार इम्प्रीत सिंह बक्शी, मीडिया रिलेशन प्रभारी श्री हरीश खुराना, मीडिया रिलेशन प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर, किसान मोर्चा अध्यक्ष श्री विनोद सहरावत, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती योगिता सिंह, पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष श्री कौशल मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता श्री यासिर जिलानी एवं श्री अजय सहरावत, सभी जिलों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा को पुष्पगुच्छ एवं अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सिद्धार्थन भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने अपने सम्बोधन में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर आभार प्रकट किया और कहा कि हम सबको सामुहिक नेतृत्व प्रणाली से काम करना है।

श्री सचदेवा ने कहा कि हमें बिना विश्राम अब 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संदेश को जन-जन में प्रसारित कर 2024 में पुनः दिल्ली में भाजपा के सभी सातों सांसद प्रत्याशियों को सफल बनाने के लिये कार्य करना है।

अपने स्वागत सम्बोधन में श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि श्री वीरेन्द्र सचदेवा का परिवार देश के विभाजन के समय पाकिस्तान से विस्थापित होकर पुरानी दिल्ली में बसा एक पंजाबी परिवार है, जिसने बहुत परिश्रम से समाज में अपना एक अलग स्थान बनाया है। बाल्यकाल से ही स्वयंसेवक श्री वीरेन्द्र सचदेवा शिक्षा से स्नातक हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी प्रथम वर्ष शिक्षित हैं। 1988 से राजनीति में सक्रिय श्री सचदेवा चांदनी चौक जिला भाजपा के, जिला उपाध्यक्ष, महामंत्री रहे और फिर 2007 में चांदनी चौक के जिलाध्यक्ष बने। निवास परिवर्तन के बाद श्री सचदेवा 2014 में मयूर विहार जिले के अध्यक्ष भी चुने गये और 2009 में प्रदेश में मंत्री रहे और 2020 में प्रदेश उपाध्यक्ष बने। समय-समय पर पार्टी के विभिन्न संगठात्मक जिलों के प्रभारी भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री सचदेवा हमेशा कार्यकर्ता भाव से काम करते हैं और यही उनकी राजनीतिक प्रगति का मूल मंत्र है।

2012 से 2014 तक श्री सचदेवा दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता प्रशिक्षण प्रमुख रहे और 2017 से 2020 तक पार्टी की राष्ट्रीय गुड गर्वनेन्स विभाग के सदस्य रहे। भारतीय तीरनदाजी संघ के कोषाध्यक्ष एवं दिल्ली तीरनदाजी संघ के अध्यक्ष हैं। पूर्व में भारतीय ऑल्मपिक संघ के एसोसिएट एक्जीक्यूटिव सदस्य रहे हैं।

error: Content is protected !!