इमरान की तरह ट्रम्प ने भी छिपाए फॉरेन गिफ्ट्स

117 तोहफों की जानकारी नहीं दी, 2.47 करोड़ रुपए कीमत; 17 भारत से मिले थे

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्रेजरी डिपार्टमेंट को दूसरे देशों से मिले 3 लाख डॉलर (करीब 2.47 करोड़ रुपए) कीमत वाले तोहफों की जानकारी नहीं दी थी। ये कुल 117 गिफ्ट्स थे। खास बात यह है कि इनमें से 17 ट्रम्प और उनकी फैमिली को भारत से मिले थे।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो पर भी बिल्कुल इसी तरह के आरोपों में केस दर्ज हुए हैं। इमरान के खिलाफ तो गिरफ्तारी वॉरंट तक जारी हो चुके हैं। इस मसले पर पाकिस्तान में कई दिन से बवाल चल रहा है।

डेमोक्रेट पार्टी ने जारी की रिपोर्ट
राष्ट्रपति जो बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी ने ट्रम्प की इस हरकत के बारे में जांच की। इसके लिए एक ओवरसाइट कमेटी बनाई गई थी। जांच में इसने पाया कि ट्रम्प और उनकी फैमिली ने कुल 117 गिफ्ट्स की जानकारी छिपाई। इनकी कीमत अब के हिसाब से करीब 3 लाख डॉलर (इंडियन करंसी में करीब 2.47 करोड़ रुपए) है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 117 में से 17 गिफ्ट्स ट्रम्प और फैमिली को भारत की तरफ से दिए गए थे। इनकी कीमत करीब 50 हजार डॉलर है। इनमें ताज महल का एक मॉडल भी है। इसकी कीमत करीब 4,600 डॉलर है जो इंडियन करंसी में करीब 3.8 लाख रुपए होते हैं। इसी तरह कफ लिंक्स का एक सेट भी भारत से उन्हें बतौर तोहफा मिला। इसकी कीमत करीब 8,500 डॉलर है। ये भारतीय मुद्रा में करीब 7 लाख रुपए होते हैं।

भारत से कब मिले गिफ्ट्स
कफ लिंक्स का सेट प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रम्प को 2021 में दिया था। ताज महल का मॉडल पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गिफ्ट किया था। मोदी ने 2019 में एक ब्लैक मार्बल का टेबल भी ट्रम्प को भेंट किया था। इसके अलावा इवांका ट्रम्प को 2021 में एक गोल्ड ब्रेसलेट गिफ्ट किया गया। ट्रम्प की पत्नी मेलानिया को 2021 में एक ब्रेसलेट भारत से मिला था।

ट्रम्प ने भारत से मिले जिन तोहफों का खुलासा नहीं किया, उनमें सबसे कीमती फ्लॉवर बेस था। यह मरकाना मार्बल से बना था। ये गिफ्ट उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रम्प को 2021 में दिया था। हालांकि, इसकी कीमत का खुलासा रिपोर्ट में नहीं किया गया।

error: Content is protected !!