एअर इंडिया और नेपाल एयरलाइंस की फ्लाइट टकराने से बचीं

एअर इंडिया और नेपाल एयरलाइंस के विमान नेपाल में टकराने से बाल-बाल बच गए। घटना शुक्रवार की है। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर की लापरवाही के कारण दोनों विमान हवा में बहुत नजदीक आ गए थे। विमान के वार्निंग सिस्टम ने दोनों पायलट्स को इसका अलर्ट दिया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया था।

नेपाल सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAAN) ने रविवार को लापरवाही बरतने के आरोप में 3 एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को पद से हटा दिया। यह जानकारी CAAN के प्रवक्ता जगन्नाथ निरौला ने दी है।

मलेशिया और दिल्ली से विमान काठमांडू आ रहे थे
CAAN के प्रवक्ता निरौला ने बताया कि शुक्रवार को नेपाल एयरलाइंस का विमान मलेशिया के कुआलालंपुर से काठमांडू आ रहा था। वहीं, एअर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली से काठमांडू आ रही थी। एअर इंडिया की फ्लाइट करीब 19 हजार फीट की ऊंचाई से नीचे आ रही थी। वहीं, नेपाल एयरलाइंस की फ्लाइट सेम लोकेशन पर करीब 15 हजार फीट ऊंचाई पर उड़ रही थी। रडार पर दिखाई दिया कि दोनों ही फ्लाइट पास-पास आ गई हैं।

ATC की लापरवाही से दोनों फ्लाइट्स इतना पास आ गई थीं, इसके बावजूद कंट्रोलर्स ने इसका अलर्ट पायलट्स को नहीं दिया। नेपाल सिविल एविएशन अथॉरिटी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई। जांच में दोषी पाए जाने पर 3 ATC को पद से हटा दिया गया।

error: Content is protected !!