राहुल गांधी ने रूस पर केंद्र सरकार के रुख का किया समर्थन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका में हैं, जहां वह विभिन्न कार्यक्रमों में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ लगातार बयान दे रहे हैं। हालांकि, एक मौका ऐसा भी आया जब उन्होंने केंद्र सरकार की नीति की सराहना की। राहुल गांधी ने रूस पर केंद्र सरकार के रुख का समर्थन किया। आपको बता दें कि रूस ने पिछले साल फरवरी में यूक्रेन पर आक्रमण किया। इसके बाद से पश्चिमी देश लगातार उसका विरोध कर रहे हैं। भारत ने हालाकि इस मुद्दे पर अलग स्टैंड लिया है।

उनसे पूछा गया कि क्या आप रूस पर भारत के तटस्थ रुख का समर्थन करते हैं। राहुल गांधी ने कहा, “रूस के साथ हमारे संबंध हैं। रूस पर हमारी कुछ निर्भरताएं हैं। इसलिए मेरा रुख भारत सरकार के समान ही होगा।”

आपको बता दें कि हाल के दिनों में भारत यूक्रेन में रूस की कार्रवाई की निंदा करने वाले संयुक्त राष्ट्र के निकायों में सभी प्रस्तावों से दूर रहा है। भारत का कहना है कि शांतिपूर्ण बातचीत ही संकट को हल करने का एकमात्र तरीका है। हालांकि, राहुल गांधी ने कहा कि भारत को अपने हित को देखना होगा।

उन्होंने कहा, “भारत काफी बड़ा देश है। उसके कई अन्य देशों के साथ संबंध हैं। यह इतना छोटा देश नहीं है कि इसके किसी एक देश से संबंध होंगे और किसी से नहीं।” राहुल गांधी ने आगे कहा, “हम हमेशा इस प्रकार के संबंध रखेंगे। हमारे कुछ लोगों के साथ बेहतर संबंध होंगे, दूसरों के साथ संबंध विकसित होंगे। ताकि संतुलन बना रहे।”

error: Content is protected !!