माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणादायी पहल ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत आज नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने माननीय विधायक श्री अनिल शर्मा (आर.के. पुरम) की विशिष्ट उपस्थिति में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) परिसर स्थित नर्मदा हॉस्टल में डॉ. दीप नारायण पांडेय (वार्डन-नर्मदा हॉस्टल) के साथ पीपल के पौधे का वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर – प्रोफेसर मनु राधा चौधरी, विकसित भारत एम्बेसडर सचिव – डॉ. देवेंद्र भारद्वाज और सदस्य – डॉ. प्रवीन गौतम सहित JNU की टीम भी उपस्थित रही।
इस अवसर पर श्री चहल ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में JNU में पहली महिला उपकुलपति प्रोफेसर शांतिश्री धुलिपुडी पंडित जी का पदभार संभालना ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है।
वृक्षारोपण के बाद श्री चहल ने छात्रावास के भोजनालय में गए और छात्रों के साथ संवाद किया। छात्रों ने माननीय प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के कार्यों की सराहना की और उनके प्रभाव पर चर्चा की।
श्री चहल ने यह भी कहा कि आने वाले समय में JNU में फलदार वृक्ष लगाए जाएंगे, इसका संकल्प भी आज लिया गया।
इसके पूर्व, JNU में वृक्षारोपण से पहले श्री चहल ने पालिका निकेतन, NDMC फ्लैट्स, आर.के. पुरम में भी पौधारोपण किया, जिसमें माननीय विधायक श्री अनिल शर्मा और स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
इस अवसर पर माननीय विधायक श्री अनिल शर्मा ने एनडीएमसी द्वारा माननीय प्रधानमंत्री जी की पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहल को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान #EkPedMaaKeNaam_OnSunday जनसामान्य को प्रकृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय निवासी, RWA प्रतिनिधि तथा एनडीएमसी के सिविल, स्वास्थ्य, उद्यान एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने अपनी माँ के नाम पर पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण एवं देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया।
उपाध्यक्ष श्री चहल ने जानकारी दी कि #EkPedMaaKeNaam_OnSunday अभियान के तहत पीपल, चंपा, नीम, अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे स्थानीय निवासियों एवं RWA सदस्यों द्वारा लगाए गए। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रत्येक रविवार नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चहल ने कहा,
“यह केवल एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारी माताओं और प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। माँ के नाम पर लगाया गया प्रत्येक पौधा भावनात्मक जुड़ाव के साथ-साथ उसके संरक्षण का संकल्प भी है।”
उन्होंने बताया कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत नागरिकों, छात्रों तथा सरकारी एवं निजी संस्थानों की सहभागिता से विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्री चहल ने यह भी जानकारी दी कि एनडीएमसी द्वारा ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, कोरिया, मॉरीशस, नीदरलैंड्स, पोलैंड, श्रीलंका, पुर्तगाल, ऑस्ट्रिया, लिथुआनिया और रूस सहित 20 से अधिक देशों के दूतावास परिसरों में भी वृक्षारोपण किया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण हेतु वैश्विक सहयोग को प्रोत्साहन मिला है।
उन्होंने बताया कि एनडीएमसी के उद्यान विभाग द्वारा एक वार्षिक कार्य योजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हर रविवार नियमित रूप से वृक्षारोपण किया जाएगा।
श्री चहल ने कहा कि एनडीएमसी की निरंतर हरित एवं नागरिक-केन्द्रित पहलें यह दर्शाती हैं कि शहरी हरियाली शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ और रहने योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ‘विकसित भारत @2047’ के विजन से प्रेरित होकर एनडीएमसी पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा नागरिकों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।