फिलीपींस में नाव में आग लगी, 31 की मौत

फिलीपींस में गुरुवार रात एक फेरी यानी यात्री नाव में आग लग गई। इस हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि MV लेडी मेरी नाम की फेरी में 250 लोग सवार थे। जान बचाने के लिए लोग समुद्र में कूद गए। 200 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।

8 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया, लापता लोगों की तलाश आज भी जारी
यह हादसा बासिलन आईलैंड पर हुआ। वहां के गवर्नर जिम हतामन ने बताया कि फेरी में आग लगने के बाद जान बचाने के लिए लोग ब्लैक सी में कूद गए। इन्हें नेवी, कोस्टगार्ड, मछुआरों की मदद से रेस्क्यू किया गया। 18 यात्रियों की बॉडी नाव के पैसेंजर केबिन से मिली हैं। 7 लोग लापता हैं। इनकी तलाश के लिए शुक्रवार को भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

नाव पर 450 पैसेंजर सवार हो सकते थे, यात्रा के दौरान भीड़ नहीं थी
कोस्ट गार्ड ने बताया कि आग लगने के बाद नाव को जल्द से जल्द किनारे पर लाया गया। इसके चलते कई लोगों की जान बच पाई। गवर्नर हतामन ने कहा कि ये नाव जम्बोआंगा से जोलो जा रही थी। बासिलान के करीब पहुंचने पर रात 12 बजे इसमें आग लग गई। इसमें 450 पैसेंजर बैठ सकते थे। यात्रा के दौरान इसमें भीड़ नहीं थी।

45 साल पहले हुए हादसे में 4300 लोग मारे गए थे
फिलीपींस में लगातार आने वाले तूफानों, नावों के खराब मेंटेनेंस, जरूरत से ज्यादा यात्री बैठाने और सुरक्षा नियमों का पालन न करने से अक्सर नाव हादसे होते रहते हैं। दूरदराज के इलाकों में ऐसे हादसे आम हैं। ऐसा ही एक हादसा दिसंबर 1987 को हुआ था। इस दौरान एक यात्री नाव डोना पाज फ्यूल टैंकर से टकरा कर समुद्र में डूब गई थी। इस हादसे में 4300 लोगों की जान गई थी।

error: Content is protected !!