भाजपा के निगम पार्षदों ने नगर निगम के कांट्रैक्ट कर्मियों एवं डी.बी.सी. कर्मियों के सेवा कांट्रैक्ट नवीकरण की मांग को लेकर सिविक सेंटर पर धरना दिया और महापौर के ओएसडी को मांग पत्र सौंपा

15 वर्ष विपरीत आर्थिक स्थिति के बावजूद भाजपा महापौरों ने निगम कर्मियों के हितों की भी रक्षा की पर खेद का विषय है कि निगम सत्ता में आने के 40 दिन में ही आम आदमी पार्टी ने हजारों कांट्रैक्ट कर्मियों को बेरोजगार कर दिया है – कमलजीत सहरावत

नई दिल्ली, 3 अप्रैल। दिल्ली की महापौर डॉ. शैली ओबरॉय एवं निगम में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी नेताओं की लापरवाही के चलते दिल्ली नगर निगम के कांट्रैक्ट कर्मचारियों एवं डी.बी.सी. कर्मियों का 31 मार्च 2023 को कांट्रैक्ट नवीकरण ना किये जाने से हजारों कर्मचारी आज बेरोजगार हो गये हैं। निगम के इन अस्थाई कर्मियों को सत्ताधारी आम आदमी पार्टी नेताओं की लापरवाही के विरोध में आज दिल्ली भाजपा के निगम पार्षदों ने सिविक सेंटर के गेट पर धरना प्रदर्शन किया और सभी अस्थाई कर्मियों के सेवा कांट्रैक्ट का तुरंत बिना सेवा ब्रेक किये नवीकरण किये जाने की मांग को लेकर महापौर डॉ. शैली ओबरॉय के ओएसडी को मांग पत्र सौंपा।

प्रदर्शन में सम्मलित पार्षदों में प्रमुख थे पूर्व महापौर श्रीमती कमलजीत सहरावत, सरदार राजा इकबाल सिंह एवं श्रीमती नीमा भगत के आलावा श्री जय भगवान यादव, श्रीमती रेखा गुप्ता, श्री प्रवेश वाही, श्रीमती शिखा राय, श्री संदीप कपूर, श्री योगेश वर्मा, श्री इंद्रजीत सहरावत, श्रीमती रितु गोयल, श्री सतपाल सिंह, श्री प्रमोद गुप्ता, श्री पुनीत शर्मा, श्री पंकज लूथरा, श्री जयवीर राणा, श्रीमती योगिता सिंह और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता श्री शुभेंदू अवस्थी।

दिल्ली नगर निगम स्थाई समिति चुनाव में निर्वाचित सदस्य श्रीमती कमलजीत सहरावत ने कहा है कि भाजपा ने 15 वर्ष निगम के माध्यम से जन सेवा की उस दौरान विपरीत आर्थिक स्थिति के बावजूद भाजपा महापौरों ने निगम कर्मियों के हितों की भी रक्षा की पर खेद का विषय है कि निगम सत्ता में आने के 40 दिन में ही आम आदमी पार्टी ने हजारों कांट्रैक्ट कर्मियों को बेरोजगार कर दिया है।

निगम स्थाई समिति के पूर्व अध्यक्षों श्रीमती शिखा राय, श्री संदीप कपूर, श्री इंद्रजीत सहरावत, श्री योगेश वर्मा एवं श्री सतपाल सिंह ने कहा कि बिना स्थाई समिति के नगर निगम को चलाने कि आम आदमी पार्टी कि साजिश के परिणाम स्वरूप नगर निगम सेवाएं शीघ्र ही ठप्प हो जायेंगी। उन्होने मांग की कि आम आदमी पार्टी हठधर्मी छोड़ कर निगम स्थाई समिति गठन होने दे।

error: Content is protected !!