ओपीजेएस यूनिवर्सिटी के फाउंडर डॉ. जोगिंदर सिंह बने बेसबॉल सॉफ्टबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष

रोहतक

बेसबॉल सॉफ्टबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के चुनाव में ओपीजेएस विश्वविद्यालय के फाउंडर डॉ. जोगिंदर सिंह को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। उक्त चुनाव अप्सरा होटल के सभागार में आयोजित असाधारण आम सभा की बैठक में संपन्न हुआ, जिसमें देश भर के 25 प्रदेशों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एस.एस. सांगवान ने बताया कि डॉ. जोगिंदर सिंह को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। इनके अलावा राजस्थान के अनूप अस्थाना को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया जबकि हिमाचल प्रदेश के मनोज कोहली को महासचिव बनाया गया।इनके अलावा हिमाचल प्रदेश के सुधीर महेंद्रू, उत्तराखंड के बी.पी.एस. राणा, आसाम के ड़ी.ड़ी. खोंड (आई.ए.एस.), हरियाणा के राजीव दलाल व ओंकार सिंह सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुने गए जबकि कोषाध्यक्ष जम्मू कश्मीर के फिदा हुसैन बने। इसके अलावा वरिष्ठ संयुक्त सचिव पद पर मध्यप्रदेश के श्री पंकज जैन का चुनाव हुआ। संयुक्त सचिव पंजाब के प्रमोद, छत्तीसगढ़ की तरन्नुम खान, बिहार के राजकुमार, चंडीगढ़ के मोहित बसराल, हरियाणा के अशोक परमार बने।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. जोगिंदर सिंह ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि बेसबॉल सॉफ्टबॉल पूरी दुनिया के शीर्ष लोकप्रिय खेलों में से एक है। यह खेल विश्व के लगभग 170 देशों में खेला जाता है। बेसबॉल सॉफ्टबॉल अमेरिका का राष्ट्रीय खेल है। भारत में भी लंबे समय से यह खेल खेला जाता रहा है। दुनिया के समृद्ध देशों में देश बेसबॉल सॉफ्टबॉल की खासी लोकप्रियता है। कैरियर के रूप में इस खेल में खूब पैसा है। इस खेल की लोकप्रियता एवं वैश्विक संभावनाओं से हमारे खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने डॉ. जोगिंदर सिंह और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, खेलों से टीम भावना और अनुशासन पैदा होता है। खेलों से हमारे अंदर हार के बाद भी निरंतर आगे बढ़ने की व संघर्ष की भावना पैदा होती है।खेल हमें देश प्रेम और एकता के सूत्र में पिरोते हैं। जब हमारे खिलाड़ी मेडल जीत कर लाते हैं तो पूरे देश में उत्साह और उमंग का माहौल बनता है। खेलों के माध्यम से बहुत से युवक- युवतियां अपना भविष्य बना रहे हैं। हरियाणा ने खेलों के क्षेत्र में देश का मान और सम्मान और गौरव हमेशा बढ़ाया है जबकि हमारे जवान मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने में सदैव आगे रहे हैं।

इस अवसर पर इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की कार्यकारिणी के सदस्य पहलवान योगेश्वर दत्त ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बेसबॉल सॉफ्टबॉल फेडरेशन इस खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाने का पूरा प्रयास करेगी। इसके साथ ही हमारे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि बेसबॉल सॉफ्टबॉल दुनिया का लोकप्रिय खेल है, इसमें कैरियर के रूप में भी अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने देश भर से आए सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी राघवेंद्र भारती ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि खेल और खिलाड़ी समाज में देश का गौरव होते हैं। इनके माध्यम से ही समाज व राष्ट्र की खुशहाली प्रदर्शित होती है। खेल मनुष्य के स्वास्थ्य का आधार होते हैं, स्वस्थ व्यक्ति ही श्रेष्ठ समाज का निर्माण कर सकता है। हमारे जीवन में खेलों का बहुत अधिक महत्व है। उन्होंने कहा कि खेल संपूर्ण मानवता के लिए वरदान है, खेलों से आपसी प्रेम व भाईचारा बढ़ता है।इस अवसर पर रोहतक नगर निगम की पूर्व मेयर व भाजपा की प्रदेश सचिव रेनू डाबला, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, उपमहापौर राजकमल राजू सहगल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

error: Content is protected !!